पुणे लोकसभा उपचुनाव तत्काल कराने का हाईकोर्ट का आदेश राजनीति दलों ने किया स्वागत, चुनाव आयोग सुप्रीम कोर्ट में दे सकता है चुनौती
बुधवार को बॉम्बे हाई कोर्ट ने भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) को पुणे लोकसभा क्षेत्र के लिए तुरंत उपचुनाव कराने का निर्देश दिया, जो 29 मार्च को गिरीश बापट के निधन के बाद से खाली है।
न्यायमूर्ति गौतम एस. पटेल ने उपचुनाव न कराने के ईसीआई के "फैसले की आलोचना की क्योंकि उसकी मशीनरी पुणे उपचुनाव करने के बजाय मार्च 2023 से 2024 के लोकसभा चुनावों की तैयारियों में व्यस्त है। उच्च न्यायालय ने ईसीआई के उस प्रमाण पत्र को रद्द कर दिया जिसमें कहा गया था कि उपचुनाव नहीं होंगे क्योंकि चुनाव पैनल "2024 के आम चुनावों की तैयारी में व्यस्त है और उप-चुनाव में चुने गए उम्मीदवार का कार्यकाल बहुत छोटा होगा"।
विपक्षी दलों ने भारत के निर्वाचन आयोग (ईसीआई) का पुणे लोकसभा सीट पर तत्काल उपचुनाव कराने के बंबई उच्च न्यायालय के आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि इस निर्वाचन क्षेत्र के लोगों को लंबे समय तक प्रतिनिधित्व से वंचित नहीं छोड़ा जा सकता है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पुणे के पूर्व महापौर मुरलीधर मोहोल ने कहा कि उच्च न्यायालय के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए और इसे राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।
उच्च न्यायालय ने पुणे लोकसभा सीट पर उपचुनाव न कराने के संबंध में निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एक प्रमाणपत्र के खिलाफ पुणे के निवासी सुघोष जोशी की याचिका पर बुधवार को यह आदेश पारित किया।
न्यायमूर्ति गौतम पटेल और न्यायमूर्ति कमल खाटा की खंडपीठ ने उपचुनाव न कराने के निर्वाचन आयोग के कदम की आलोचना की। निर्वाचन आयोग ने कहा था कि वह 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों समेत अन्य चुनावों में व्यस्त है। अदालत ने इस कदम को ‘‘विचित्र और पूरी तरह अनुचित’’ बताया।
कांग्रेस ने उच्च न्यायालय के फैसले को सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दल भाजपा,साथ ही निर्वाचन आयोग के लिए फटकार बताया।
कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने दावा किया, ‘‘यह निर्वाचन आयोग और भाजपा के लिए बड़ी फटकार है जो हार के डर से उपचुनाव से बच रही है।’’
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के शरद पवार गुट के पुणे शहर इकाई के अध्यक्ष प्रशांत जगताप ने अदालत के फैसले का स्वागत किया और कहा कि भाजपा इस लोकसभा सीट में उपचुनाव से बच रही है क्योंकि वह इस साल की शुरुआत में पुणे शहर में कसबा विधानसभा सीट पर उपचुनाव में हार के बाद फिर से हारना नहीं चाहती है।